राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे को हॉकी खेल में उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रतिष्ठित ‘अर्जुन पुरस्कार 2024’ से सम्मानित किया। देश के 32 खिलाड़ियों को इस अवार्ड से नवाजा गया उसमें झारखंड के सिमडेगा की बेटी सलीमा टेटे का भी नाम शामिल है। सभी खिलाड़ियों को 17 जनवरी 2025 को सुबह 11 बजे दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में सम्मानित किया गया। बता दें कि झारखंड की सिमडेगा जिले के बड़की छापर की गांव की रहने वाली सलीमा टेटे वर्तमान में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान भी हैं।
मुश्किलों भरा रहा सलीमा का बचपन
अर्जुन अवॉर्ड के लिए उनका चयन होने के बाद झारखंड के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। आज जिस सलीमा को आप जानते हैं उस सलीमा के हालात हमेशा से ऐसे नहीं थे। सलीमा टेटे काफी कठिनाइयों का सामना करके इस मुकाम को हासिल किया है। उनका बचपन काफी कठिनाइयों भरा रहा है।
अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित झारखंड की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं सलीमा
सलीमा टेटे झारखंड की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी है, जिसे अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इससे पूर्व झारखंड के एकमात्र हॉकी खिलाड़ी ओलंपियन स्व.माइकल किंडो को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। पिछले 10 वर्षों में झारखंड के तीन हॉकी खिलाड़ी सिलबानुस डुंगडुंग और माइकल किंडो को मेजर ध्यानचंद अवार्ड और अब सलीमा को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
सीएम हेमंत ने दी बधाई
सीएम हेमंत सोरेन ने अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित झारखंड की बेटी और प्रतिभावान हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. सोशल मीडिया एक्स पर जारी पोस्ट में लिखा… बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार.